मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने आज सोलन जिला के सोलन विधानसभा क्षेत्र के कण्डाघाट में हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व में आने के 75 वर्षों के उपलक्ष्य पर आयोजित प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि इन 75 वर्षों में राज्य में सभी क्षेत्रों में अद्वितीय विकास हुआ है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 15 अप्रैल, 1948 को अस्तित्व में आने पर हिमाचल प्रदेश के केवल चार जिले थे और जनसंख्या लगभग 11 लाख थी जबकि आज प्रदेश की जनसंख्या 70 लाख से अधिक है। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश का क्षेत्रफल 25839 वर्ग किलोमीटर था जबकि आज यह 55673 वर्ग किलोमीटर है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में राज्य की साक्षरता दर लगभग 4.8 प्रतिशत थी जबकि आज यह दर 83 प्रतिशत से अधिक है।
सोलन विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने किया 145 करोड़ की 13 विकास परियोजनाओं का शुभारम्भ!
उन्होंने कहा कि राज्य ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बागवानी, पर्यटन और सम्बद्ध क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि यह राज्य की 75 वर्षों की शानदार उपलब्धियों का उत्सव मनाने का अवसर है।मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि राज्य ने कोरोना महामारी के दौर में कठिन परिस्थितियों का सामना किया लेकिन यहां के लोगों के पूर्ण सहयोग से राज्य इस महामारी को नियन्त्रित करने में सफल रहा और साथ ही विकास की गति को भी बनाए रखा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार को केन्द्र सरकार से भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का हिमाचल के प्रति विशेष लगाव है ओर उनके नेतृत्व में राज्य को हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्राप्त हुई हैं। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के उदारतापूर्ण सहयोग से केन्द्रीय परियोजनाओं के लिए वित्त पोषण के 90ः10 को पुनः बहाल किया गया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा राज्य में विकास की गति को बढ़ाने के लिए 800 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने प्रदेश के लिए एम्स, आईआईएम, आईआईटी, केन्द्रीय विश्वविद्यालय भी मंजूर किए।
Leave a comment