हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें खराब, 60 यात्री बैग और अटैची लेकर दूसरी बस में हुए शिफ्ट
भराड़ी (बिलासपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) द्वारा दी जाने वाली सजग साधना और सविनय सेवा का दावा करने वाली बसें लगातार खराब हो रही हैं, जिससे यात्रियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार सुबह टिहरा-चंडीगढ़-नाहन रूट पर चलने वाली एक बस दधोल चौक पर अचानक खराब हो गई। इस बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे, जिन्हें बैग और अटैची के साथ दूसरी बस में शिफ्ट होना पड़ा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रा के दौरान बस का खराब होना, खासकर अकेले सफर कर रही महिलाओं, युवतियों और चंडीगढ़ इलाज के लिए जा रहे मरीजों के लिए बड़ी समस्या बन गया। इस रूट पर अधिकांश यात्री भारी सामान लेकर सफर करते हैं ताकि उन्हें बार-बार बस न बदलनी पड़े और वे अपने गंतव्य तक सुगमता से पहुंच सकें। लेकिन बीच रास्ते में बस का खराब होना, हिमाचल पथ परिवहन निगम की सेवाओं पर सवाल खड़ा करता है।
बताया जा रहा है कि बस का प्रेशर सिस्टम फेल हो गया था, जिसके कारण ब्रेक काम करना बंद कर दिए थे। गनीमत यह रही कि यह खराबी किसी ढलान या तेज रफ्तार के दौरान नहीं आई, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यह बस दूसरे राज्य होते हुए नाहन तक जाने वाली थी। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या बस को यात्रा से पहले ठीक से जांचा नहीं गया था?
हिमाचल पथ परिवहन निगम अपनी सुविधाओं और विश्वसनीय सेवाओं के बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। आए दिन निगम की बसें बीच रास्ते में खराब हो रही हैं, जिससे न केवल यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ती है, बल्कि उनका सफर भी जोखिम भरा हो जाता है।