मुख्यमंत्री ने मंत्रालय से राज्य के कांगड़ा में प्रस्तावित हवाई अड्डे के विस्तार की सिफारिश करने का अनुरोध किया है।
PICTURE CREDIT: https://x.com/sukhusukhvinder
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार, 23 जुलाई 2025 को केंद्र सरकार से राज्य के नागरिक उड्डयन क्षेत्र से संबंधित मामलों के क्रियान्वयन में तेजी लाने का आग्रह किया।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को लिखे एक पत्र में मुख्यमंत्री ने राज्य के कांगड़ा में प्रस्तावित हवाई अड्डे के विस्तार की ‘विशेष केंद्रीय सहायता’ (Special Central Assistance) के लिए वित्त मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय को सिफारिश भेजने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे की तकनीकी-आर्थिक व्यवहार्यता रिपोर्ट (Techno-Economic Feasibility Report) की भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा पुनः समीक्षा की जानी चाहिए, क्योंकि वर्तमान रिपोर्ट में लागत अधिक बताई गई है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा और व्यस्ततम हवाई अड्डा कांगड़ा है, इसलिए वहां रात्रि लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
श्री सुक्खू ने मंत्रालय से शिमला हवाई अड्डे पर दूसरा एप्रन (Apron) बनाने का भी अनुरोध किया, जो ATR 42/600 प्रकार के विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त हो। उन्होंने कहा कि इससे शिमला से कई उड़ानों के संचालन को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा, उन्होंने शिमला-धर्मशाला-शिमला मार्ग पर एलायंस एयर लिमिटेड द्वारा दैनिक उड़ानों को पुनः आरंभ करने का भी आग्रह किया।