हमीरपुर में वर्ष 1996 में लगी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की शिलान्यास पटि्टका को ही उखाड़ दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…
हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड का कार्यालय का पोस्टर लगाने के कृषि विभाग के बोर्ड को हटा दिया गया। खास बात यह है कि हटाए गए बोर्ड को जहां पर फेंका गया था वहा पर वर्ष 1996 में तत्तकालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नाम की शिलान्यास पटि्टका भी फेंकी गई थी। ऐसे में कृषि विभाग के बोर्ड से अधिक यह शिलान्यास पटि्टका चर्चा में आ गई।
यहां पर कृषि विभाग के विक्रय केंद्र के बोर्ड को उखाड़ कर फेंक दिया गया। मामले का पता चलते ही कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसका विरोध जताया। हमीरपुर मुख्यालय में बीडीओ कार्यालय में कामगार कल्याण बोर्ड का प्रदेश स्तरीय कार्यालय खोला जा रहा है। इस कार्यालय का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जल्द ही करेंगे। बोर्ड कार्यालय को तैयार करने में जुटा है। ऐसे में डांगक्वाली चौक पर कृषि विक्रय केंद्र के बाहर लगे बोर्ड को कामगार कल्याण बोर्ड का पोस्टर लगाने के लिए उखाड़ कर पीपल के पेड़ के टियाले के पास फेंक दिया गया। यहीं पर यह शिलान्यास पटि्टका भी फेंकी गई थी।
बाद में कृषि विभाग ने जब विरोध जताया जो मौके पर पहुंचे बोर्ड के अधिकारियों ने बोर्ड क फिर लगाने की बात कही। लेकिन कृषि विभाग के अधिकारियों ने तर्क दिया है कि उनके कृषि विक्रय केंद्र पर पोस्टर लगाने से पहले विभाग को क्यों नहीं पूछा गया। बताया जा रहा है कि वर्ष 1996 में पंचायत समिति हमीरपुर की ओर से बने भवन का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया था। इस भवन में पंचायत समिति ने किराय पर दो दुकानें कृषि विभाग को दी है। हालांकि इस पट्टिका को लेकर संशय बना हुआ है कि आखिर पटि्टका को यहां पर किसने फेंका।
कृषि विभाग के बोर्ड के हटाए जाने की सूचना है। शिलान्यास पटि्टका किसने हटाई और किसने पीपल के पीछे फेंकी इसकी जानकारी नहीं है। स्वर्गीय वीरभद्र सिंह कांग्रेस के सम्मानित नेता रहे हैं आखिर किसने यहां पर पटि्टका को फेंका था इसकी जांच जानी चाहिए। यह पटि्टका कहां पर लगी थी इसकी भी जांच की जानी चाहिए। यह घटना राजनीति से प्रेरित है और लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है- नरदेव कंवर, अध्यक्ष, कामगार कल्याण बोर्ड
मामला ध्यान में आया है। मामले में छानबीन के बाद ही कुछ कहा जा सकता है कि यह पटि्टका कहां लगी थी और किसने इसे यहां पर फेंका है- हिमांशी, खंड विकास अधिकारी, हमीरपुर