धर्मशाला। खाकी वर्दी पहनने का सपना संजोये युवाओं का इंतजार खत्म हो गया है। जिले में पुलिस कांस्टेबल भर्ती की प्रक्रिया वीरवार से शुरू होगी। पुलिस मैदान धर्मशाला में इसका आयोजन होगा। जिलेभर से कांस्टेबल भर्ती के लिए 30,638 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसमें पहले दिन 2,250 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया है। बुधवार को भर्ती के आयोजन को लेकर कांगड़ा पुलिस के अधिकारियों की बैठक हुई और कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गईं।
भर्ती प्रक्रिया सुबह सात बजे से शाम तक चलेगी। भर्ती की प्रक्रिया करवाने के लिए 300 जवानों को तैनात किया है। इस बार पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत 100 मीटर की दौड़ भी शामिल है। साथ ही युवाओं का डोप टेस्ट भी होगा। सुनिश्चित किया जाएगा कि भर्ती होने वाले युवाओं को किसी तरह के नशे की लत न हो।
उम्मीदवारों को अपने साथ एडमिट कार्ड और फॉटोकॉपी सहित सभी दस्तावेजों की मूल प्रति, दो फोटोग्राफ लाने होंगे। उम्मीदवारों को लोक सेवा आयोग की ओर से पहले ही ई-प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं। ई-प्रवेश पत्र न मिलने की स्थिति में प्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग से संपर्क कर सकते हैं।
मोबाइल न रखें, अभिभावक और दोस्त भी न लाएं साथ
पुलिस विभाग ने निर्देश दिए हैं कि अभ्यर्थी अपने साथ मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस साथ न लाएं। अगर साथ लाते हैं तो इनकी जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी। साथ ही अभ्यर्थी अपने साथ अभिभावकों और दोस्तों को न लाएं।
वाहनों के लिए बंद रहेगा कॉलेज रोड
पुलिस कांस्टेबल भर्ती के चलते केसीसी बैंक से कॉलेज तक सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगी। इस रूट पर जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग कॉलेज के लिए मुख्य मार्ग से बीएड कॉलेज चौक रहेगा। भर्ती प्रक्रिया 6 मार्च तक चलेगी, तब तक ऐसी ही व्यवस्था रहेगी।
22,431 पुरुष अभ्यर्थी
8,207 महिलाएं अभ्यर्थी
ऐसा रहेगा शेड्यूल
शेड्यूल के तहत 26 फरवरी को छोड़कर 20 फरवरी से 1 मार्च तक रोजाना 2,250 पुरुष अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के पर्व के चलते भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी अवकाश रहेगा। 2 मार्च को 2181 पुरुष अभ्यर्थी बुलाए हैं।
पुलिस कांस्टेबल भर्ती में महिला वर्ग के लिए 3 मार्च से ग्राउंड टेस्ट का आयोजन होगा। 3 से 5 मार्च तक रोजाना 2052, जबकि 6 मार्च को 2051 महिला अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
7 मार्च को ग्राउंड टेस्ट के परिणामों की तैयारियां की जाएंगी। इसके अलावा 9 से 11 मार्च को रिजर्व-डे के रूप में छूटे हुए उम्मीदवारों को विशेष मौके रखे गए हैं। इसमें प्रशासनिक, मौसम खराब और अन्य गंभीर स्थिति में न पहुंचने वाले उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए अवसर दिया जाएगा।
पुलिस कांस्टेबल के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया के दौरान पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां निर्धारित की गई हैं। वीरवार सुबह सात बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।
– शालिनी अग्निहोत्री, एसपी कांगड़ा